मेरठ के लोहिया नगर स्थित सिटी ट्रांसपोर्ट डिपो पर बस परिचालकों की हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। परिचालकों ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पीएफ और ईएसआई कटने के बाद तय 4.26 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान में कटौती किए जाने और 14-15 घंटे की ड्यूटी के बावजूद आठ घंटे की हाजिरी लगाए जाने का विरोध किया। परिचालकों ने धरोहर राशि वापस करने, आईडी कार्ड और वर्दी उपलब्ध कराने, त्योहार पर प्रोत्साहन राशि देने, बस खराब होने पर भुगतान और 25 लाख रुपये का जीवन बीमा कराने समेत अन्य मांगें उठाईं। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस दौरान सचिन, शाहिद, आलोक, राहुल, मनोज, दीपक, अनुराग और अशोक समेत अन्य परिचालक मौजूद रहे।