राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘खेलो इंडिया डायलॉग-खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम के तहत देश के युवाओं और युवा खिलाड़ियों से संवाद किया। मथुरा में केआर डिग्री कॉलेज और बीएसए कॉलेज में मेरा युवा भारत की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री के संवाद से प्रभावित युवा खिलाड़ियों ने खेलों के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण हैं। युवाओं ने खेलों के माध्यम से लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने और देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।