मथुरा। राधा अष्टमी के उल्लास के बीच बरसाना के रंगीली महल को बसंती रंग के फूलों से सजाने की तैयारियां चल रही हैं। राधा अष्टमी पर पीले रंग को विशेष महत्व दिए जाने के कारण फूल बाजार में पीले फूलों की मांग बढ़ गई है। मांग बढ़ने से गोविंदगंज स्थित फूल मंडी में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ रही। फूल विक्रेता गौरव गुप्ता ने बताया कि राधा अष्टमी पर खासकर पीले गेंदा, गुलाब, गुलदावरी, आर्किड और जरबरा की मांग रहती है। मांग पूरी करने के लिए दिल्ली, बेंगलुरु, इंदौर, दादर, जबलपुर, रतलाम, जयपुर, प्रयागराज समेत अन्य स्थानों से बड़ी मात्रा में फूल मंगाए गए हैं। स्थानीय स्तर पर भी गेंदा और गुलाब की आपूर्ति की जा रही है। गोविंदगंज फूल मंडी में शुक्रवार को गुलाब 180 रुपये, गेंदा 90 रुपये, गुलदावरी 200 रुपये, कुंद 550 रुपये, रायवे बेल 800 रुपये और कनेर 350 रुपये प्रति किलो बिका। कमल महालक्ष्मी 20 रुपये और सादा कमल चार रुपये प्रति पीस रहा। अशोक की बंदनवार 40 रुपये, टाटा गुलाब 400 रुपये प्रति पीस और जरवा 150 रुपये प्रति बंडल बिका। विक्रेता के अनुसार, सुबह से ही फूल खरीदने वालों की खासी भीड़ रही।