मथुरा के कोसीकलां में सराफा बाजार में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अज्ञात चोरों ने अमित ज्वेलर्स की दुकान में धावा बोल दिया। 13-14 सितंबर की रात छत का गेट तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश तिजोरी और अलमारी को खोलकर उसमें रखे करोड़ों रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषण समेट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीबीआर तक साथ ले गए। रविवार सुबह चोरी का पता लगते ही सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकान स्वामी ने जैसे ही अंदर का नजारा देखा, उनके होश उड़ गए। छत का गेट टूटा पड़ा था और तिजोरी खुली हुई थी। दुकान में सामान अस्त-व्यस्त था। चोरी की खबर बाजार में फैलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।