वृन्दावन के वात्सल्य ग्राम के समीप सोमवार सुबह विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता को रौंद दिया। हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अक्रूर गांव निवासी किशन निषाद (42) प्रतिदिन की तरह सुबह अपनी सब्जी की दुकान लगाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह वात्सल्य ग्राम के सामने पहुंचे, सामने से रॉन्ग साइड में आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने बस के चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने मथुरा-वृन्दावन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत घायल बस चालक को भीड़ से बचाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग (हल्का लाठीचार्ज) करते हुए हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा और बमुश्किल जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।