समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव सोमवार को गोवर्धन स्थित श्री हनुमान बाग आश्रम पहुंचे। उन्होंने हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और लाला-बाबा की 33वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने संत सियाराम दास महाराज से आशीर्वाद लिया। प्रो. यादव करीब दो घंटे तक आश्रम में रहे। आश्रम से रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में प्रो. रामगोपाल यादव ने देश की आर्थिक स्थिति और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भी वह हनुमान बाग आश्रम आते हैं तो हनुमान जी से प्रार्थना करते हैं कि देश का संचालन करने वालों को सद्बुद्धि मिले। उन्होंने कहा, “देश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। हनुमान जी सरकार में बैठे लोगों को सद्बुद्धि दें, ताकि वे इस देश को कहीं बेच न दें।” मुजफ्फरनगर के चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड और उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रो. रामगोपाल यादव ने यूपी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए संबंधित एनकाउंटर को फर्जी बताया। सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूले को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर उन्होंने कहा कि भाजपा अच्छी तरह जानती है कि पीडीए क्या है और इसकी ताकत कितनी है। उन्होंने कहा कि इसी कारण भाजपा नेता इस मुद्दे पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। हनुमान बाग आश्रम में लाला-बाबा की 33वीं पुण्यतिथि पर आयोजित भंडारे में साधु-संतों, ब्राह्मणों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में चरण कौशिक, अंशु कौशिक, गिरधारी सेठ, गौरी शंकर, ठाकुर किशोर सिंह, सतीश ब्रजवासी, वृंदावन के संत सूतीक्षण महाराज, पूरन प्रकाश कौशिक, सियाराम शर्मा सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।