कोसीकलां में अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को नगर पालिका और पुलिस की टीम ने भरत मिलाप मेले को घ्यान में रखते हुए सड़क किनारे और नालियों के ऊपर रखे अस्थायी अतिक्रमण को हटवा दिया। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने पुन: अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। सड़क और नालियों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ नालियों की सफाई में भी परेशानी आ रही थी। नालियों के ऊपर ठेले और सामान रखे होने से सफाई नहीं हो पा रही थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। ईओ संजय कुमार के निर्देशन में लेखाकार योगेंद्र शर्मा, राजस्व लिपिक सूरजपाल और सिटी इंचार्ज दुष्यंत कौशिक ने बाजार में दुकानों के बाहर सड़क की सीमा तक रखे सामान और नालियों पर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया। कई स्थानों पर ठेले और रेहड़ियों के कारण संकरी हुई सड़क को साफ कराया गया। ईओ ने चेतावनी दी कि कार्रवाई के बाद यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान के सामने दोबारा सड़क अथवा नाली पर अतिक्रमण मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों से सार्वजनिक रास्तों और नालियों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।