आगरा के फतेहपुर सीकरी के ग्राम चौमा शाहपुर में रास्ते में रोककर गाली-गलौज, मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पाली किरावली निवासी हरिकेश पुत्र जलसिंह ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह अपना वाहन लेकर चौमा के रास्ते पर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान चौमा शाहपुर निवासी भोला पुत्र अशोक, योगेंद्र पुत्र अशोक, भोला पुत्र जंगलिया, अंकित पुत्र अशोक और अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और वाहन के शीशे व हेडलाइट तोड़ दी। पीड़ित के अनुसार उसने जब आरोपियों को ऐसा करने से मना किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।