मथुरा के छाता के एक विद्यालय में सोमवार को इंटरमीडिएट की दो कॉमर्स छात्रा धरने पर बैठ गईं। छात्राओं का आरोप है कि उनके कॉमर्स के अध्यापक को न तो हिंदी-अंग्रेजी ठीक से पढ़नी आती है और न ही गणित के सामान्य जोड़-घटाव (माइनस-प्लस) का ज्ञान है। धरने पर बैठी छात्राओं मोनिका और संध्या ने बताया कि जब वे पढ़ाई से जुड़ा कोई सवाल पूछती हैं, तो शिक्षक उत्तर देने से इनकार कर देते हैं। उनका यह भी आरोप है कि परसों शिक्षक ने उन्हें गाली दी थी। इस बात की शिकायत करने जब मोनिका के मामा विद्यालय पहुंचे, तो शिक्षक ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने छात्राओं के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राएं अध्यापकों का सम्मान नहीं कर रही हैं और उनकी छवि धूमिल करने के लिए बेइज्जती कर रही हैं। विद्यालय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।