मथुरा जनपद में डीएलएड परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए शनिवार को डायट पर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी 12 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा में लगे सभी कार्मिक उपस्थित रहे। साथ ही संस्थान में निजी डीएलएड प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले प्रशिक्षुओं के प्रवेश पत्र पर भी डायट की ओर से नामि प्रवक्ताओं ने हस्ताक्षर किया, डायट के प्रभारी प्राचार्य जमुना प्रसाद ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। इस परीक्षा का प्रभारी हिमांशु रावत को बनाया गया है। डीएलएड प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर 2026 तक संपन्न होंगी। परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 4879 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 5 सेक्टर मजिस्ट्रेट/पर्यवेक्षक और 12 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डायट में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। परीक्षार्थियों और कक्ष निरीक्षकों के मोबाइल व स्मार्ट फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 से 23 सितंबर व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 से 26 सितंबर तक आयोजित होंगी।