कासगंज के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला भूरा में शुक्रवार को गैस सिलिंडर फटने से मकान की छत गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 14 वर्षीय किशोर प्रियांशु की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी शीलेंद्र का बेटा प्रियांशु घर पर खाना बना रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर में आग लग गई। शोर सुनकर मकान के ऊपरी हिस्से में सो रही उसकी मां कविता नीचे आईं। इसी बीच सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया, जिससे मकान की छत गिर गई और प्रियांशु मलबे में दब गया। हादसे के समय शीलेंद्र अपने बच्चों के साथ बाल कटवाने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना कासगंज पुलिस, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, फायर ब्रिगेड की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। मलबे से किशोर को निकालने के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गैस सिलिंडर फटने के कारणों की जांच की जा रही है। सदर एसडीएम एसएन त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में किशोर की मौत हुई है। मृतक के परिजन की आर्थिक मदद का प्रयास किया जाएगा।