आईआईटी कानपुर में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव उद्घोष-26 का रविवार को तीसरा दिन रोमांच और संगीत के नाम रहा। बालिका कबड्डी के फाइनल में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर की टीम ने ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, सोनीपत को 60-35 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, शाम को बॉलीवुड गायक वरुण जैन की सुरमयी प्रस्तुति पर आईआईटी के छात्र-छात्राएं देर रात तक झूमते रहे। कबड्डी के फाइनल में सीएसजेएमयू की टीम ने शुरू से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। कप्तान रागिनी के नेतृत्व में रेडर इशिका वर्मा और गरिमा ने शानदार रेड करते हुए टीम के लिए अंक जुटाए। वहीं, डिफेंडर योगिता, राधिका, अंकिता और विदुषी ने दमदार प्रदर्शन कर विपक्षी टीम को दबाव में रखा। आखिरकार सीएसजेएमयू ने 60-35 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। जीत के बाद कबड्डी संघ के संरक्षक वीर सिंह गहलोत ने खिलाड़ियों और कोच धर्मेंद्र पाल को बधाई दी। इस मौके पर पंकज, हुमा वकार, राम पाल, सुनील, अनुज और आयुष समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। महोत्सव के अन्य फाइनल मुकाबले देर रात तक जारी रहे। इनके परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे।