सीएम ग्रिड के तहत परेड चौराहा पर चल रहे निर्माण कार्यों में नई पाइप लाइन को पुरानी से जोड़ने के लिए जल निगम गुरुवार से शुक्रवार सुबह तक शटडाउन लेगा। इस वजह से गंगा बैराज से फूलबाग क्षेत्र अंतर्गत आने वाले 40 मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप रहेगी। करीब पांच लाख की आबादी इससे प्रभावित रहेगी। सीएम ग्रिड के तहत परेड चौराहा से घंटाघर की ओर जाने वाले मार्ग पर 400 मिमी व्यास की फीडरमेन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस वक्त बिछायी गई फीडरमेन पाइप लाइन को पुरानी बिछी हुई फीडरमेन पाइप लाइन से इंटरकनेक्शन (जोड़ने) का कार्य किया जाना है। इसके लिए फूलबाग क्षेत्र में गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से छह अक्तूबर की सुबह से अगले दिन सात अक्तूबर तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे फूलबाग, बिरहाना रोड, घंटाघर, डिप्टी का पड़ाव आदि इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी। अधिशासी अभियंता प्रवीन यादव ने बताया कि इस अवधि में फूलबाग से जुड़े इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप रहेगी। वहीं मालूम हो कि सीएम ग्रिड के ही तहत नई सड़क पर भी जलनिगम लाइन शिफ्टिंग का काम करा रहा है। इस वजह से आसपास के मोहल्लों में भी जलापूर्ति प्रभावित है।