बिरहाना रोड स्थित दवा फर्म न्यू आरजे एजेंसी और एलेक्सा एजेंसी में ड्रग विभाग की टीम ने नकली दवा की सप्लाई को लेकर दुकान सील करने की कार्रवाई की है। हालांकि न्यू आरजे एजेंसी में टीम ने सोमवार को भी छापा मारा था, लेकिन टीम को यहां कुछ भी नहीं मिला तो उस समय दुकान बंद कराकर वापस लौट गई। एलेक्सा एजेंसी पहले से ही बंद मिली है। अभी टीम के पास एलेक्सा से जुड़ी कोई जानकारी भी नहीं है। ये पूरी कार्रवाई दिल्ली में नकली वैक्सीन सप्लाई किए जाने के गंभीर इनपुट के आधार पर की गई है। जांच प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों ने दुकान और उसके आसपास के परिसरों का गहनता से निरीक्षण किया है। दिल्ली में नकली वैक्सीन सप्लाई से जुड़ा मामला इस मेडिकल एजेंसी के संचालक पर आरोप है कि उसने दिल्ली में भारी मात्रा में नकली वैक्सीन की सप्लाई की थी। इस सूचना के मिलते ही ड्रग विभाग हरकत में आया और सोमवार को विभाग की एक विशेष टीम जिसमें ड्रग इंस्पेक्टर ओमपाल और देवयानी दुबे ने बिरहाना रोड स्थित न्यू आरजे एजेंसी पर सीधे छापा मारा हालांकि, इस दौरान टीम को मौके से कोई दवा बरामद नहीं हुई है। जांच प्रक्रिया के आगे बढ़ने के बाद अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया। मौके पर दवाओं की अनुपलब्धता और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, शक के आधार पर बुधवार को दुकान को पूरी तरह से सील कर दिया गया। दुकान की प्रोपराइटर बलजीत कौर हैं। वे मौके पर नहीं मिली हैं। ड्रग विभाग की टीम फिलहाल दुकान से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कागजात, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और बिलिंग दस्तावेजों को इकट्ठा करने में लगी हुई है। ड्रग इंस्पेक्ट देवयानी दुबे का कहना है कि दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली दवाओं व वैक्सीन की खरीद-बिक्री का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है। कार्रवाई के बाद से शहर के दवा बाजार में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। जांच अधिकारियों का दावा है कि दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होते ही इस पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के 20 से अधिक मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की तैयारी, दवा बाजार में मचा हड़कंप फर्जी दवाओं और वैक्सीन नेटवर्क के खिलाफ ड्रग विभाग की कार्रवाई अब और तेज होने जा रही है। शहर के बिरहाना रोड स्थित ''न्यू आरजे एजेंसी'' में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद ड्रग विभाग अब शहर के 20 से ज्यादा मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करने की योजना बना रहा है। जांच में मिली गोपनीय सूचनाओं के अनुसार, नकली दवाओं की यह खेप न केवल कानपुर शहर, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों और जिलों में भी बड़े पैमाने पर सप्लाई की गई है। इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए ड्रग विभाग की टीमें लगातार विशेष जांच अभियान चलाएंगी। हालांकि, इस बड़ी कार्रवाई के बीच विभाग को यह भी अंदेशा है कि छापेमारी की भनक लगते ही संदिग्ध दवा कारोबारी अपनी दुकानें बंद कर फरार हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए गोपनीय रणनीति तैयार की है ताकि किसी भी आरोपी को बचने का मौका न मिले।