दक्षिण क्षेत्र के मार्बल मार्केट स्थित धर्मबाग में शनिवार को भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी के नए मंदिर की भव्य स्थापना हुई। यहां जगन्नाथ स्वामी, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन व अभिषेक कर उन्हें रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद धर्मबाग से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो किदवईनगर चौराहा, जंगली देवी मंदिर, पद्मनाभ मंदिर, सोटे वाले हनुमान मंदिर और बारादेवी मंदिर होते हुए धर्मबाग पहुंची। बारिश के बीच भी श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल रहे। मंदिर में विग्रह प्रतिष्ठा, पूजन और हवन के बाद श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कीं। मंदिर परिसर के आसपास नारियल और केले के पौधे लगाए गए। विधायक अमिताभ बाजपेई, महेश त्रिवेदी, एमएलसी सलिल विश्नोई, आलोक मिश्रा समेत कई लोगों ने दर्शन किए। महाप्रसाद, भंडारे और छप्पन भोग का आयोजन हुआ। मुख्य आयोजक विजय गुप्ता ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया। मौके पर नारायण दास गुप्ता, हिमांशू पाल, साकेत गुप्ता, हर्षित गुप्ता, अनपू तिवारी, विजय डालमिया आदि मौजूद रहे।