बिठूर थाना क्षेत्र के परियर पुल पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो रिश्तेदार युवकों की मौत के बाद सोमवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। दोनों युवकों के शव लोडर में रखकर सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे रानी लक्ष्मीबाई चौराहे पर पहुंचने के बाद परिजनों ने लोडर को सड़क पर खड़ा कर जाम लगा दिया। जाम के कारण बिठूर से मंधना, बिठूर से चौबेपुर और बिठूर से कल्याणपुर जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित हो गया।