क्षेत्र के गांव ब्रहमगढ़ी रेलवे फाटक के निकट रेलवे ट्रैक पर पुरबिया एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पुरबिया एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15279 से हुआ। ट्रेन के लोको पायलट ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी गई। दुर्घटना में महिला का शव क्षत-विक्षत हो जाने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र के लोगों से भी महिला की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला के पास घास और ईख काटने के उपकरण मिले हैं। इससे संभावना जताई जा रही है कि महिला आसपास के किसी गांव की रहने वाली हो सकती है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।