राजकीय महाविद्यालय भोरंज में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से संबद्ध महाविद्यालयों की अंतरमहाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) का शुभारंभ बुधवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन हिमाचल के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा (बिट्टू) ने दीप प्रज्वलित कर किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनील शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में सफलता और आनंद का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति किसी भी पद पर हो, यदि वह अपने जीवन को आनंद और सकारात्मक सोच के साथ व्यतीत करता है तो यही जीवन की सफलता की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय बंगाणा की टीम ने राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी की टीम को 45-39 से हराया। दूसरे मुकाबले में धर्मशाला कॉलेज की टीम ने राजकीय महाविद्यालय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शिमला की टीम को 47-42 से पराजित किया। वहीं एक अन्य मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की टीम ने मटौर की टीम को 44-23 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके अलावा ऊना की टीम ने कंडाघाट की टीम को एकतरफा मुकाबले में 40-14 से हराया। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं सहायक प्राध्यापक शारीरिक शिक्षा डॉ. वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबले जारी रहेंगे और फाइनल मुकाबला 26 सितंबर को खेला जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, आयोजन समिति के सदस्य और विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे।