सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने जनसुनवाई के बाद लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, आवास की चाबी, पेंशन प्रमाण पत्र, पोषण पोटली, राशन कार्ड और नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। वहीं आवास की चाबी और अन्य योजनाओं का लाभ पाकर लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।