गोंडा: कजरी तीज पर शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने शहर के दुखहरण नाथ और खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर के साथ आसपास के मार्गों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले स्थानों को भी देखा। मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम और जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।