वीर अब्दुल हमीद सेतु पर सड़क हादसों को रोकने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फुटपाथ के किनारे मेटल क्रैश बैरियर लगाने का कार्य कराया जा रहा है। बैरियर को मजबूती देने के लिए फुटपाथ पर धातु की प्लेटें भी लगाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य अनियंत्रित वाहनों को पुल से नीचे गंगा में गिरने से रोकना और दुर्घटनाओं में जान-माल के नुकसान की आशंका कम करना है। एनएचएआई की ओर से पहले भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई इंतजाम किए गए हैं। सेतु पर जगह-जगह यातायात संबंधी साइन बोर्ड, हाईटेक सीसीटीवी कैमरे और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होने संबंधी सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा, निर्धारित ऊंचाई से अधिक वाहनों को रोकने के लिए सेतु के दोनों तरफ हाइटगेज भी लगाए गए हैं। अब मेटल क्रैश बैरियर लगाने का कार्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक कदम है। पुल पर मेटल क्रैश बैरियर वाहनों को किनारे से नीचे गिरने से रोकने में मदद कर सकता है। वहीं पैदल राहगीरों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ की रेलिंग भी महत्वपूर्ण है। वहीं एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह कार्य कराया जा रहा है, ताकि वाहनों और लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा सके।