गाजीपुर। सहालग का सीजन शुरू होते ही शहर सहित ग्रामीण अंचल के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। जिन घरों में शादी-विवाह होने हैं, वहां के लोग तैयारियों के साथ खरीदारी में जुट गए हैं। शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, लालदरवाजा, टाउनहॉल और चीतनाथ स्थित दुकानों पर लोग दूल्हे के मौर, टोपी, शेरवानी माला और पगड़ी आदि की खरीदारी कर रहे हैं। ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से व्यापारियों में भी उत्साह है। मिश्रबाजार के थोक विक्रेता राजेश कुमार ने बताया कि सहालग शुरू होते ही शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दुकानों पर सबसे अधिक मांग मौर, टोपी, पगड़ी, शेरवानी माला और तागपाट की है। राजेश कुमार के अनुसार, बाजार में मौर 300 से 2500 रुपये, टोपी 250 से 1500 रुपये, शेरवानी माला 300 से 900 रुपये और पगड़ी 70 से 250 रुपये तक बिक रही है। ग्राहकों की जरूरत और बजट के अनुसार दुकानों पर अलग-अलग कीमतों के सामान उपलब्ध हैं।