जंगीपुर थाना क्षेत्र के मेहरअलीपुर उर्फ भंवरी गांव में मुख्य मार्ग के किनारे कूड़ा गिराए जाने और मृत पशुओं को खुले में फेंके जाने के आरोप से ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। कूड़े से लदे ट्रैक्टर पर मृत पशु देखकर ग्रामीणों ने उसे वापस लौटा दिया और नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार वर्ष से मार्ग के किनारे बंजर भूमि में कूड़ा डंप किया जा रहा है। इससे कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है और राहगीरों, किसानों तथा आसपास के ग्रामीणों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।