सुहवल थाना क्षेत्र के डेढ़गावा पेट्रोलपंप के पास से पुलिस ने शुक्रवार को होंडा सिटी कार से 12 लाख रुपये की 24 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वह बिहार से मऊ गांजा लेकर जा रहे थे। पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम के साथ डेढ़गावा पेट्रोलपंप के पास होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई तो 19 पैकेटों में रखा 24 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कार सवार दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना के पलीगढ़ निवासी जयप्रकाश और विशाल कुमार बताया है। दोनों आरोपी ताड़ीघाट- बारा राष्ट्रीय राजमार्ग से बिहार से मऊ गांजा लेकर जा रहे थे। बरामद गांजे की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 24 किलो 900 ग्राम गांजा, एक होंडा सिटी कार और 2070 रुपये नकदी बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।