टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव बजहेरा में सोमवार देररात पत्नी से हुए विवाद के बाद एक युवक हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पीआरवी जवान की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना मंगलवार देर रात 11.30 बजे करीब की है। बजहेरा निवासी युवक डालचंद 22 पुत्र प्रयागनाथ का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी विमलेश से विवाद हो गया था। विवाद के बाद गुस्से में वह गांव के बाहर लगे 11 हजार की हाई टेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया और मरने की धमकी देने लगा। उसके जोर जोर से चिल्लाने पर पत्नी ने पति को हाई टेंशन लाइन के खम्भे पर देखा तो उसकी चीख निकल गई और सहायता के लिए ग्रामीणों को पुकारने लगी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई तथा उन्होंने उसे उतारने का प्रयास किया। लेकिन उसने नीचे आने से इनकार कर दिया। पत्नी ने भी अपनी गलती मानते हुए विनती की, मगर वह मरने की बात कहता रहा। लोगों ने तत्काल डायल- 112 और विद्युत निगम को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीआरवी जवान रोहित चौधरी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अपनी सूझबूझ दिखाई। उन्होंने बड़ी ही शांति और धैर्य के साथ युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया। लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद वह मान गया और खंभे से नीचे उतर आया। गनीमत रही इस बीच विद्यत सप्लाई बंद थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने पीआरवी जवान की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की है। थाना नगला सिंघी प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि युवक की कुछ गलत हरकतों की चलते पत्नी से विवाद हो गया था। उसे सुरक्षित उतार लिया है।