फिरोजाबाद के टूंडला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की हड़ताल का असर मरीजों के इलाज पर पड़ने लगा है। शनिवार को अस्पताल के कई कक्षों में ताले लटके रहे। ऐसे में दवा के लिए मरीज भटकते रहे। तहसील क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी नेपाल सिंह ने बताया कि दवा लेने सीएचसी पहुंचे थे, किंतु दवा काउंटर पर कोई मौजूद नहीं था। वहीं, सुजात नगर निवासी मंजू देवी ने बताया कि वह भी दवा लेने पहुंचीं थीं। हड़ताल के चलते दवा वितरण प्रभावित होने से मरीजों की चिंता बढ़ गई है। दूरदराज के क्षेत्रों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। रक्त जांच कक्ष में भी ताला लटका मिला।