फिरोजाबाद हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर बृहस्पतिवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब आगरा से फिरोजाबाद की ओर जा रहे महात्मा के काफिले से की गाड़ियों से टोल कर्मियों ने टोल टैक्स मांगा। महात्मा और उनके समर्थकों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महात्मा का काफिला बिना टोल चुकाए ही आगे निकल गया। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। मामला बृहस्पतिवार सुबह 9:45 बजे करीब का है। आगरा की ओर से एक महात्मा चार गाड़ियों के काफिले के साथ फिरोजाबाद की ओर जा रहे थे। टोल प्लाजा पहुंचने पर कर्मचारियों ने जब बैरियर नहीं खोला तो वे अपना आपा खो बैठे और उन्होंने गाड़ी से उतरते हुए कर्मचारियों को तत्काल बैरियर खोलने के लिए कहा। इस पर तैनात कर्मचारियों ने नियमतः शुल्क चुकाने की बात कही तो उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। उनके समर्थक भी गाड़ियों से उतर आए। इस बीच एक टोल कर्मचारी ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर महात्मा और भी भड़क गए। उनके साथ मौजूद अनुयायियों ने दबंगई दिखाते हुए टोल का बैरियर हटा दिया और काफिले के सभी वाहनों को जबर्दस्ती पार करा दिया। आरोप है कि इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। एक कर्मचारी को खींचने का प्रयास किया। सूचना मिलते पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और समझा-बुझाकर महात्मा के काफिले को आगे रवाना किया। टोल प्लाजा टूंडला के उप महाप्रबंधक दिनेश कुमार ने बताया कि महात्मा और उनके साथियों ने कर्मचारियों के साथ काफी अभद्रता की। कर्मचारियों ने समझाने का प्रयास किया तो और भी अधिक भड़क गए। वे बिना टोल टैक्स का भुगतान किए ही अपनी गाड़ियां लेकर चले गए।