फिरोजाबाद जिले में लेखपालों ने अपनी मांगों को लेकर तहसीलों में धरना प्रदर्शन किया। संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करने के कारण अधिकारी बुलाते रहे लेकिन लेखपाल नहीं पहुंचे। दो बजे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन संबंधित एसडीएम को सौंपा। लेखपाल संघ ने प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को तहसीलों में प्रदर्शन किया। सदर तहसील में लेखपाल संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष रुस्तमपाल सिंह की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन किया। लेखपाल नारेबाजी करते रहे। इधर एसडीएम सदर सुदर्शन कुमार एवं सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह जनता की शिकायतों को सुनते रहे। शिकायतों को लेखपाल को मार्क की जा रही थी लेकिन कोई लेखपाल शिकायतों को सुनने को नहीं आ रहा था। लेखपाल को खोजते हुए कई फरियादी धरना स्थल पर पहुंच गए। संचालन मंत्री आशीष पाराशर ने किया। इस दौरान पवन शर्मा, पवन यादव, सुमित तिवारी, कौशल कुमार, प्रशांत, प्रतिभा सिंह,कामिनी शर्मा, ज्योति देवी, लक्ष्मी देवी, मोहन सिंह, अरवाज खान,मोहन सिंह, प्रेमपाल,रवि आदि शामिल रहे। इसके साथ ही जिले की टूंडला,शिकोहाबाद,सिरसागंज एवं जसराना तहसीलों में भी लेखपालों ने प्रदर्शन करने के साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।