एटा। कोतवाली देहात पुलिस ने जून में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के असरौली गांव का है। 23 और 24 जून की रात इंद्रजीत अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने जांच के बाद मिरहची के अंबेडकर नगर निवासी राहुल को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक चेन, दो चूड़ी, दो जोड़ी पायल और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और अपने शौक-मौज पूरे करने के लिए चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।