पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बुधवार को प्लेटफार्मों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्काउट-गाइड के सदस्यों ने नाटक के माध्यम से इधर-उधर कूड़ा फेंकने से होने वाले नुकसान और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को समझाया। यात्रियों से कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में डालने और स्टेशन परिसर को साफ रखने की अपील की गई। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक जिला आयुक्त (स्काउट) सुमित चटर्जी और जिला सचिव संतोष पांडेय की देखरेख में लायंस ओपन ग्रुप, स्कूल ओपन ग्रुप और एलबीएस ओपन ग्रुप के 90 स्काउट-गाइड ने जंक्शन के अलग-अलग प्लेटफार्मों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। नाटक के दौरान यात्रियों को एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया गया। स्काउट-गाइड ने यात्रियों से प्रयोग के बाद नल खुला न छोड़ने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। यात्रियों को चलती ट्रेन में सवार नहीं होने और एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने के लिए रेल ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया गया। मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि दो अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ यात्रियों को जागरूक करने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।