ताराजीवनपुर/पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी का मामला सामने आया है। मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी कर करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, 12 हजार लीटर ईंधन से भरा टैंकर और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद तीन लोग भाग निकले। मामले में टैंकर के वाहन स्वामी, चालक और खलासी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से करीब 100 मीटर पहले खड़े टैंकर से डीजल चोरी किया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद तीन लोग डीजल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण छोड़कर भाग गए। जांच के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से के चेंबर का लॉक टूटा मिला। ढक्कन खोलकर उसमें पाइप लगाया गया था और टैंकर से डीजल का रिसाव हो रहा था।