बदायूं। रिश्तेदारों के कर्ज के दबाव और पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने बृहस्पतिवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पत्नी ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जनपद एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव गोला कुआं निवासी 28 वर्षीय नीतेश की पत्नी महावती ने बताया कि शादी के बाद पारिवारिक कलह के चलते पति नीतेश पत्नी के साथ कादरचौक कस्बे में रहने लगा था। यहां वह खाद की दुकान पर नौकरी करता था और किराये के कमरे में पत्नी के साथ रह रहा था। जानकारी के अनुसार, नीतेश पर कुछ रिश्तेदारों का कर्ज था। इसे लेकर रिश्तेदार उस पर रुपये लौटाने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि घटना वाले दिन रिश्तेदारों ने फोन कर उससे कर्ज की रकम मांगी और गालीगलौज की। इसके बाद नीतेश ने अपनी मां को फोन किया, जहां बातचीत के दौरान उसका मां से भी विवाद हो गया। इसी से परेशान होकर उसने शाम के समय विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पत्नी ने उसे उपचार दिलाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि सूचना पर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।