आसफपुर। स्थानीय ग्राम आसफपुर में जनता रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दंगल का खिताबी मुकाबला जोरदार रहा। दंगल में कुल 16 कुश्तियां हुईं, जिनमें पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए। इनमें से 9 मुकाबले बराबरी पर छूटे, जबकि 7 मुकाबलों में हार-जीत का फैसला हुआ। अमरोहा से आई शबाना का सामना मुरादाबाद की नेहा से हुआ। 5 मिनट की कुश्ती में दोनों एक-दूसरे पर हावी रहीं, अंत में यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसके साथ ही वरुण और प्रवीण, विनीत और सिकंदर, सोनू और प्रवीण, बिन्नू और समीर, मुनेंद्र और पंकज, अज्जत और जितेंद्र, नवनीत और मोनू के मुकाबले भी देखे गए। अंत में खिताबी मुकाबले में नितिन पटियाली ने सभी पहलवानों को खुद से लड़ने की चुनौती देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। नितिन से दो-दो हाथ करने के लिए चंदौसी से आए फैजान ने कुश्ती स्वीकार की। 15 मिनट की कुश्ती में अनेक बार फैजान को दंगल के बाहर जाते देखा गया। अंत में खिताबी कुश्ती को कमेटी के निर्णय से बराबर छूटने की घोषणा की गई, लेकिन दर्शकों का उत्साह और समर्थन नितिन पटियाली के साथ रहा। नितिन के दांव-पेंच पर अनेक दर्शकों ने इनाम देकर उनका हौसला बढ़ाया। चौकी इंचार्ज जुगमेंद्र बालियान ने भी नितिन को 500 रुपये इनाम देकर सम्मानित किया। दंगल अध्यक्ष राजेश दीक्षित और मेला अध्यक्ष सत्यभान मौर्य ने दोनों पहलवानों को इनामी राशि आधा-आधा करके बांट दी। दंगल का संचालन सोमेंद्र यादव और एड. महेंद्र यादव ने किया। इस मौके पर सैंकड़ो ग्रामीण मौजूद रही।