वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिराई के पास शुक्रवार को हाईवे मरम्मत के लिए किए गए डायवर्जन के बीच पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि, दुर्घटना के कारण हाईवे की उत्तरी लेन पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर गिराई के पास मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके चलते दक्षिणी लेन के वाहनों को भी उत्तरी लेन से गुजारा जा रहा है। शुक्रवार को प्रयागराज से वाराणसी की ओर तीर्थयात्रियों से भरा टूरिस्ट वाहन समेत अन्य वाहन गुजर रहे थे। इसी दौरान एक मालवाहक पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप की टक्कर टूरिस्ट वाहन और ट्रेलर से भी हो गई। इसी बीच ऑटो से एक बाइक भी टकरा गई। इस तरह पांच वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।