शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम बस्ती में रविवार को 70वीं क्षेत्रीय जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने किया। प्रतियोगिता में चार क्षेत्रों हर्रैया, बस्ती उत्तरी, बस्ती दक्षिणी, भानपुर और रुधौली की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर से लेकर 3000 मीटर तक की दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, जैवलिन थ्रो, चक्र फेंक और भाला फेंक समेत अन्य स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम दिखाया।