बरेली में नगर निगम के वार्ड 63 साहूकारा के निवासी गोबर से जाम नालों, छुट्टा पशुओं और अतिक्रमण से परेशान हैं। अमर उजाला के वार्ड संवाद में लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि डेयरियों का गोबर नालियों में बहने से नाले आए दिन जाम हो जाते हैं। बारिश में पानी भर जाता है। इससे एक दुकानदार को 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। बंदरों और कुत्तों के कारण घर से निकलना मुश्किल है। महिलाएं डंडे लेकर निकलती हैं। सड़कों पर गोवंशीय पशुओं का जमावड़ा रहता है। डेयरी मालिक कार्रवाई के समय पशुओं को छिपा लेते हैं। पार्षद प्रांजल गर्ग ने बताया कि वार्ड में छुट्टा पशुओं और डेयरी के गोबर की समस्या से लोग 15 वर्षों से जूझ रहे हैं। कई बार निगम को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। बजरिया मोतीलाल में सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।