दिव्यांग के जमीन पर अतिक्रमण करने वाले दबंग के खिलाफ बुधवार को एक दर्जन दिव्यांगों ने बैरिया थाने में पहुंचकर थानाध्यक्ष बैरिया प्रशांत चौधरी को ज्ञापन देकर दिव्यांग साथी की भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई है। विधानसभा बैरिया दिव्यांग संघ के अध्यक्ष अभिषेक सिंह गौतम के नेतृत्व में दिव्यांगों ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।पुलिस को दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बैरिया थाना क्षेत्र के गंगापुर दिव्यांग नागेंद्र कुमार वर्मा की जमीन पर उनके पड़ोसी ने अतिक्रमण कर रास्ता भी बाधित किया है।मना करने पर मारपीट करने पर अमादा है। इससे आक्रोशित दिव्यांगों ने पुलिस से गुहार लगाई है।थाना अध्यक्ष बैरिया प्रशांत चौधरी ने भरोसा दिया कि संबंधित व्यक्ति को थाने बुला रहा हूं। बातचीत करके मसला सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में दिव्यांग सुदामा यादव,मंटू यादव, उमेश गुप्ता, नागेंद्र वर्मा, नीरज पासवान, अमरेंद्र सिंह आदि शामिल थे।