मटेरा इलाके में महिला से मंगलसूत्र लूटकर भागे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नानपारा क्षेत्र में निबिया नहर पुलिया के पास पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सीएचसी नानपारा में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि एक सितंबर को मटेरा क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना में कोतवाली देहात के आगापुरवा निवासी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल वांछित था। बुधवार रात की गई घेराबंदी में भी वह पुलिस टीम को चकमा देकर भाग निकला था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बृहस्पतिवार रात मुखबिर की सूचना पर नानपारा पुलिस और स्वॉट टीम ने निबिया नहर पुलिया से रुपईडीहा मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, 315 बोर का देशी तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी व अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले किसी भी आरोपी को बक्सा नहीं जाएगा।