फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: भाई दूज की पूजा के बाद ससुराल चलने की बात पर विवाद, पति ने पत्नी का गला रेता, गंभीर

भाई दूज की पूजा कर ससुराल से लौटने की बात पर हुए विवाद में बुधवार दोपहर में पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसका गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी पति को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने सुबह नवाबगंज बाजार से चाकू खरीदने की बात बताई है। नानपारा के रजवापुर इमलिया गांव निवासी मुंशीलाल अपनी पत्नी गुड़िया (26) के साथ क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर काम करता है। दीपावली पर दोनों नवाबगंज के धनकुट्टी गांव स्थित गुड़िया के मायके पहुंचे थे। दीपावली मनाने के बाद मुंशीलाल ने पत्नी से घर चलने को कहा, लेकिन गुड़िया ने भाई दूज की पूजा और परंपरा निभाने के बाद जाने की बात कही। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बाद में मुंशीलाल मान तो गया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। गुड़िया के पिता रामनरेश के मुताबिक, बुधवार दोपहर गांव के एक घर में सत्यनारायण कथा थी। परिवार के लोग कथा में शामिल होने गए थे। कथा समाप्त होने के बाद गुड़िया प्रसाद लेने के लिए घर से निकली। इसी दौरान पीछे से पहुंचे मुंशीलाल ने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर उसके बाल पकड़ लिए और चाकू से गले पर वार कर दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो गुड़िया खून से लथपथ पड़ी थी। ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे मुंशीलाल को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि गंभीर रूप से घायल गुड़िया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें