बहराइच से सुजौली जा रही एक निजी बस शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कतर्नियाघाट जंगल क्षेत्र में सड़क से नीचे उतर गई। गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास चलते समय बस का अगला टायर अचानक फट गया। इससे अनियंत्रित हुई बस सड़क से उतरकर जंगल में जा घुसी। हादसे में चालक समेत बस में सवार करीब 50 यात्री बाल-बाल बच गए। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बस के जंगल में घुसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी आनन-फानन में बस से बाहर निकल आए। कुछ देर तक मौके पर भीड़ जुटी रही। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने यात्रियों की मदद की। बाद में यात्री अपने-अपने साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार, बस संख्या यूपी 40 एटी 2251 शुक्रवार सुबह पांच बजे बहराइच से सुजौली के लिए निकली थी।