बहराइच में बाढ़ के बढ़ते पानी का असर अब मैलानी-नानपारा रेल मार्ग पर भी पड़ने लगा है। भीरा और पलिया के बीच रेलवे ट्रैक पर पुरानी दरार वाले स्थान से बाढ़ के पानी का रिसाव शुरू होने के बाद रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर इस रूट की छह ट्रेनों का संचालन अगले आदेश तक रद्द कर दिया है। ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से मैलानी, पलिया, दुधवा, बिछिया, निशानगाड़ा, नानपारा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे के आदेश के अनुसार मैलानी से नानपारा जाने वाली ट्रेन संख्या 52264 और 52262 तथा मैलानी से बिछिया/भीरा जाने वाली ट्रेन संख्या 52260 को 31 अगस्त से रद्द किया गया है। वहीं नानपारा से मैलानी जाने वाली 52261 और 52263 तथा बिछिया/भीरा से मैलानी जाने वाली 52259 का संचालन एक सितंबर से अगले आदेश तक रद्द रहेगा। रेलवे ने यह कदम भीरा और पलिया के बीच किलोमीटर संख्या 238/09 से 239/01 के मध्य ट्रैक पर पानी के रिसाव को देखते हुए उठाया है। लगातार बारिश और बाढ़ के बीच ट्रैक की सुरक्षा को लेकर रेलवे की चिंता बढ़ गई है। रेलवे अधिकारियों की ओर से ट्रैक की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। बिछिया रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक एसके त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि ट्रैक पर पानी के रिसाव की स्थिति समाप्त होने और रेलपथ को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होने कहा कि ट्रेनों के निरस्तीकरण की सूचना यात्रियों तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने आईसीएमएस और एनटीईएस पर जानकारी फीड करने के साथ सभी संबंधित स्टेशनों पर मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।