बहराइच के रुपईडीहा में 51 यूपी बटालियन एनसीसी बलरामपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण शिविर का क्लोजिंग एड्रेस एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शनिवार को कर्नल अनुराग गंजवार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन सूबेदार मेजर विनय घोष ने किया। शिविर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सूबेदार सुबिक गुरुंग ने संभाली। बटालियन हवलदार मेजर रजनीश सिंह ने कैडेट्स को फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट तथा हवलदार कपिल ने मैप रीडिंग का प्रशिक्षण दिया। एनसीसी लेफ्टिनेंट सूर्य भान रावत, सेकेंड ऑफिसर चंदन कुमार गुप्ता समेत सभी एनसीसी एएनओ ने कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, पीटी, फायरिंग, मैप रीडिंग, वेपन ट्रेनिंग, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट समेत विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा क्विज, भाषण, टैगवार समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कंपनीवार क्विज प्रतियोगिता में सी कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया। कैडेट्स ने आईसीपी का भ्रमण कर आयात-निर्यात की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की। इससे उन्हें सीमा क्षेत्र में होने वाली विभिन्न गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिला। क्लोजिंग एड्रेस में कर्नल अनुराग गंजवार ने कैडेट्स के अनुशासन और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके बाद आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेट्स ने देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कैडेट्स की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में डॉ. अली अफरोज खान, कॉलेज के प्रबंधक डॉ. हरीश चंद्र एवं डायरेक्टर डॉ. यश पाल भी मौजूद रहे। इसके अलावा CTO प्रकाशिनी, सरिता, पूनम पाण्डेय सहित सभी एनसीसी एएनओ, अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने कैडेट्स की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिविर के सफल आयोजन पर एनसीसी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी।