रामनगरी अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच ट्रेन सेवा की शुरुआत 23 नवंबर को होगी। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम एक्सप्रेस (15596) को हरी झंडी दिखाने की तैयारी है। ट्रेन में 17 कोच होंगे और एक बार में करीब 1200 यात्री सफर कर सकेंगे। शुभारंभ समारोह के लिए स्टेशन परिसर में जीआरपी के सामने मंच बनाया जा रहा hai । इसमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत अन्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। रेलवे ने दोनों धार्मिक शहरों के बीच 604 किलोमीटर की साप्ताहिक ट्रेन सेवा को मंजूरी दी है। यह ट्रेन बिहार के रास्ते करीब 19 घंटे में सफर पूरा करेगी। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा। स्टेशन अधीक्षक पीआर मीणा ने बताया कि शुभारंभ समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह रात 10:13 बजे गोरखपुर और अगले दिन तड़के 1:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी और 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। यहां से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर नेपाली समयानुसार दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार को नेपाली समयानुसार दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से चलेगी। रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। रास्ते में जयनगर, सीतामढ़ी, नरकटियागंज और गोरखपुर में ठहराव होगा। ट्रेन में आठ स्लीपर, पांच थर्ड एसी, एक सेकेंड एसी, दो जनरल और एक लगेज व गार्ड कोच होगा।