अयोध्या के तारुन में संविदा कर्मियों की हड़ताल का असर रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनभरिया में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले पर भी दिखाई दिया। दोपहर एक बजे तक महज 22 मरीज ही उपचार के लिए पहुंचे। लैब टेक्नीशियन के न होने से मरीजों की जांच नहीं हो सकी और उन्हें बिना जांच के ही दवाएं दी गईं। मेले में चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार सुमन और फार्मासिस्ट गोविंद पांडे ही मौजूद रहे। हड़ताल के चलते डॉ. शिवम मिश्रा, एएनएम ज्ञानमती और स्टाफ नर्स वैष्णवी सिंह ड्यूटी पर नहीं आईं। वहीं, लैब टेक्नीशियन राजकुमार की सीएचसी तारुन में संबद्धता होने के कारण पीएचसी पर जांच की सुविधा नहीं मिल सकी। सेमरा निवासी संगीता तिवारी, पिछौरा के रामलाल और भैरवपट्टी के राम प्रकाश समेत अन्य मरीजों ने दर्द और खिंचाव की शिकायत की। उन्हें बिना जांच के ही दवाएं दी गईं। फार्मासिस्ट गोविंद पांडे ने बताया कि केंद्र पर सभी प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं।