अयोध्या: अयोध्या के तारुन में मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय तारुन की छात्राओं ने तारुन थाने का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।कक्षा 8 की छात्रा आस्था सिंह को एक दिन के लिए थाने की कमान सौंपी गई। एसएचओ की कुर्सी पर बैठी आस्था ने पूरी गंभीरता से फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान बेनीगद्दोपुर के रोशनी ,और गुलशन के आपसी विवाद की शिकायत पर दोनों पक्षों को सुनकर आस्था ने बखूबी समस्या का समाधान किया।, जिसे देखकर मौजूद पुलिसकर्मी भी उसकी सूझबूझ की सराहना करने लगे। इस दौरान प्रभारी बनी छात्रा ने थाना प्रभारी के साथ पुलिस कर्मियों की मीटिंग कर कार्यों की समीक्षा भी की। पुलिसकर्मियों से कहा नवरात्र पर्व चल रहा है समय हम लोगों की जिम्मेदारी अधिक है सजग रहना जरूरी है। एसएचओ लालचन्द सरोज ने बच्चों को महिला अपराध, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया। उपनिरीक्षक राजदेव और महिला कांस्टेबल के साथ छात्राओं को कंप्यूटर कक्ष, बंदीगृह, मालखाना, कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र और थाना प्रभारी कक्ष का भ्रमण कराया गया। मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। थाना प्रभारी ने छात्राओं को बताया कि कोई भी घटना घटित हो तुरंत आप थाने को सूचित करें। कोई बात हो तो घर परिवार से जरूर शेयर करें। इस मौके पर प्रधानाध्यापक राजेश वर्मा,विभा साव,सीमा रानी, सत्येंद्र पाठक, सुरेंद्र वर्मा,सुनील प्रताप सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे। छात्राओं में रिमझिम, अंशिका गौड़, काजल उपाध्याय, शिवांगी, मानसी, आर्या चौरसिया, वर्षा रानी, शशि, सलोनी, नैना, अमृता, अंशिका सिंह, शिवानी शर्मा, अमिता, रिया आदि ने प्रतिभाग किया।