अयोध्या में तारुन ब्लॉक सभागार में शनिवार को सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित साप्ताहिक शिविर का समापन भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने किया। कार्यक्रम में दो बच्चों का अन्नप्राशन और दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने पौष्टिक फल, हरी सब्जियों और पोषण से संबंधित उत्पादों के स्टॉल लगाए। सीडीपीओ सुनीता वर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना की। इस दौरान सुपरवाइजर प्रतीक्षा, शिप्रा मिश्रा, मंडल अध्यक्ष डॉ. पति राज वर्मा, उपाध्यक्ष राम मोहन भारती, महेंद्र मिश्रा समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।