अयोध्या में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल का असर रविवार को रुदौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐहार में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले पर भी दिखाई दिया। चिकित्सक डॉ. इकमाल खान के हड़ताल के चलते केंद्र पर नहीं आने से मरीजों को उपचार के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां एएनएम सुमन मौर्या मरीजों को देखती मिलीं। दोपहर दो बजे तक कुल 18 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। आरोग्य मेले में अशोक कुमार, बजरंगी, रेखा, बाबूलाल, नूर फातिमा, लल्लू और मोहम्मद जमाल सहित अन्य मरीज दवा लेने पहुंचे। फार्मासिस्ट शरण दास सिंह ने मरीजों को दवाइयां वितरित कीं, जबकि लैब टेक्नीशियन कुश कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्राम हरिहरपुर निवासी गर्भवती महिला तहसीन बानो को आयरन चढ़ाया गया। मौके पर वार्ड ब्वाय मुकेश कुमार और एएनएम नेहा प्रियदर्शी भी मौजूद रहीं। संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों को अपेक्षित चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिल सकी।