अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले संत समाज में हलचल तेज हो गई है। उनके आगमन को लेकर मणिरामदास छावनी में संत-महंतों की बड़ी बैठक शुरू हो गई है। बैठक में अयोध्या के प्रमुख संत-महंत शामिल होकर अखिलेश यादव के दौरे को लेकर अपना पक्ष रख रहे हैं। बैठक में संतों का कहना है कि अखिलेश यादव के अयोध्या आने, रामलला के दर्शन करने और सरयू में स्नान करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, संतों ने उनके सामने एक शर्त रखी है। उनका कहना है कि अयोध्या आने से पहले अखिलेश यादव रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान शहीद हुए कारसेवकों के परिजनों से माफी मांगें। इसके बाद ही अयोध्या आकर दर्शन-पूजन करें। संतों का कहना है कि रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़ी घटनाएं अयोध्या की धार्मिक और ऐतिहासिक स्मृतियों का हिस्सा हैं। ऐसे में अखिलेश यादव को कारसेवकों के बलिदान और उनके परिवारों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अपना पक्। स्पष्ट करना चाहिए। फिलहाल मणिरामदास छावनी में बैठक जारी है। संतों के रुख और बैठक में होने वाले निर्णय पर सबकी निगाहें टिकी हैँ.