गजरौला। गंगा पर पैंटून पुल बन जाने के कारण तिगरी व गढ़ गंगा मेला बेहद करीब हो गए हैं और एक दूसरे से मिलने को आतुर हैं। करीब 81 साल बाद दोनों मेले पैंटून पुल केे जरिए एक दूसरे से जुड़ रहे हैं। तिगरी में गंगा तट पर कार्तिक पूर्णिमा मेला लग रहा है। राजकीय घोषित हो जाने के कारण यह मेला उत्तर भारत के प्रमुख मेलों में गिना जाता हैै। गंगा के दूसरी तरफ हापुड़ जिले का गढ़ गंगा मेला लग रहा है। दोनों ही मेलों का प्राचीन इतिहास है। पुराने बुजुर्गों 92 वर्षीय कमेश चंद्र त्यागी, 88 वर्षीय ओम प्रकाश यादव उर्फ दयालू का कहना है कि वह मेले के बारे में पूर्वजों से सुनते आ रहे हैं। पूर्वजों ने बताया कि महाभारत युद्ध में लाखों योद्धा मारे गए। उनकी आत्मा शांति के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों से गंगा तट पर दीपदान कराया था। इसी परंपरा ने विशाल मेले का रूप ले लिया। इधर तिगरी गंगा मेला लग रहा है, दूसरी तरफ गढ़ गंगा मेला। आजादी से पहले दोनों मेलों में था मेल मिलाप गजरौला। तिगरी गांव की पहचान सिर्फ गंगा तट पर बसा होने के कारण ही नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों चंद्रदत्त त्यागी, उत्तम सिंह त्यागी की जन्मस्थली भी है। इसके अलावा तिगरी गांव व्यापार का भी केंद्र रहा है। ब्रजघाट गंगा पर पुल बनने से पहले दिल्ली और मुरादाबाद के बीच व्यापार का मुख्य मार्ग तिगरी ही था। यहां पर गंगा को पार करने के लिए नावों का पुल बनता था। सेवानिवृत्त लेखपाल घासी सिंह का कहना है कि ट्रकों में लाद कर माल गंगा किनारे तक लाया जाता था। नावों के पुल से माल और खाली ट्रक व अन्य वाहन पार होते थे। शांति व्यवस्था के लिए गांव में थाना था। कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल तिगरी मेला लगता था। लोग नावों के पुल से तिगरी या गढ़ मेले में आते-जाते थे। लेकिन सन 1945 में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई। जिसे रोकने के लिए नावों के पुल को अंग्रेज अफसरों ने ध्वस्त करा दिया।