हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले में ड्यूटी कर घर लौटे यूपी पुलिस के सिपाही प्रदीप कुमार (39) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार रात वह सामान्य रूप से सोए थे, लेकिन सुबह नहीं उठे। परिजनों ने जगाने की कोशिश की तो कोई हरकत न होने पर हड़कंप मच गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। किसान गजराज के बेटे प्रदीप कुमार मूल रूप से रहरा थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाने में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 2011 में होमगार्ड के रूप में करियर शुरू किया था और करीब एक दशक बाद 2021 में पुलिस में सिपाही बने थे।